मां-बेटे की हत्या, बेटी जख्मी, दो हिरासत में

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर। डोंगरगढ़ शहर से सटे चौथना गांव में बीती रात को सोनकर परिवार के मां-बेटे की जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। घटना में एक युवती पर भी हमला किया गया है। घायल युवती को राजनांदगांव से रायपुर रिफर किया गया है।
पुलिस घटना की जांच कर रही है। नवरात्र पर्व के प्रारंभ होने से पहले हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना की पुष्टि करते डोंगरगढ़ एसडीओपी केशरीनंदन नायक ने छत्तीसगढ़ को बताया कि बीती रात को मां-बेटे की हत्या हुई है। धारदार हथियार से हमला किया गया था। पुलिस जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ क्षेत्र के चौथना गांव में मां और बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात में एक युवती भी गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
सूत्रों का कहना है कि चौथना निवासी सुखित सोनकर के यहां यह बड़ी वारदात हुई है। सुखित सोनकर की पत्नी कमला सोनकर और बेटे खोमेन्द्र सोनकर की हत्या आपसी रंजिश के चलते हुई। वही सुखित की पुत्री ममता सोनकर को गंभीर चोट आई है, जिसे रायपुर रिफर कर दिया गया है।
हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस घटनाक्रम की कडिय़ां जोड़ रही है। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



