ताजा खबर

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की भूमिका अहम : डॉ. रमन सिंह

राजनांदगांव :- छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्पीकर हाउस में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के विभिन्न पदों पर चयनित 243 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित स्वास्थ्य कर्मियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

नवचयनित स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि “नवरात्रि के पावन अवसर पर आप सभी अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। शासकीय सेवा में चयनित होना एक बड़ी उपलब्धि के साथ-साथ जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।” उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य संस्थाओं में मानव संसाधन बढ़ेगा और आम नागरिकों को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केवल अस्पताल भवनों के निर्माण और चिकित्सकों की पदस्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य पूरा नहीं होता। जिला चिकित्सालय, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए स्टाफ नर्स, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, एएनएम और अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों की भूमिका रीढ़ की हड्डी समान होती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कर्मचारियों का व्यवहार संवेदनशील और सेवाभावी होना चाहिए, ताकि अस्पताल आने वाले हर नागरिक को आत्मीयता का अनुभव हो।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार राजनांदगांव सहित तीनों जिलों में कुल 20 प्रकार के 243 पदों पर भर्ती पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से की गई है। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने और प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका को पूरी तरह रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग किया गया।

संवाद के दौरान ग्रामीण चिकित्सा सहायक के पद पर चयनित श्री राम कुमार यदु और स्टाफ नर्स सुश्री कामिनी ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं पर पूरा संतोष जताते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.आर. नवरतन ने बताया कि मई माह में विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन माध्यम से यह चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी समय में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और आयुष चिकित्सा अधिकारी के पदों पर भी जिला स्तर पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, राजेश श्यामकर, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button