नेहा बोरा ने ‘मॉक संसद’ में ज्ञानेश कुमार पर क्या कहा?

आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा ने शनिवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया के सांकेतिक महाभियोग कार्यक्रम में अपनी बात रखी. यह कार्यक्रम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ आयोजित किया गया था.
इस दौरान नेहा बोरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर एक राजनीतिक पार्टी को फ़ायदा पहुंचाने का आरोप लगाया.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा, इलेक्शन कमीशन को स्वतंत्र रखने और लोकतंत्र की पवित्रता बरकरार रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक प्रक्रिया निर्धारित की थी. लेकिन उस प्रक्रिया का उल्लंघन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की गई. यह लोकतंत्र और वोट की पवित्रता का उल्लंघन है.
नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि फ़ॉर्म 6 में बदलाव करके युवाओं को मतदान से वंचित रखने की कोशिश की गई.
उन्होंने कहा कि ऐसा उस समय किया गया, जब युवा न सिर्फ़ देश की राजनीति को समझ रहे हैं, बल्कि उसे निर्धारित करने में भी भूमिका निभा रहे हैं.
नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि यह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सोची-समझी साज़िश है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित मॉक संसद में ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया.(bbc.com/hindi)


