सांस्कृतिक विरासत, लोककला और परम्पराओं संग विद्यार्थियों ने मनाया राज्य स्थापना दिवस

जेपी इंटरनेशनल में गूंजा सशक्त नारी, युवा उड़ान का संदेश
कांकेर, 2 नवंबर। जेपी इंटरनेशनल स्कूल ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल में गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में विशेष सभा का आयोजन किया गया। सशक्त नारी, युवा उड़ान थीम पर केंद्रित इस आयोजन में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और परंपराओं के साथ महिला सशक्तिकरण तथा युवा प्रतिभाओं की भूमिका को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन सचिव एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत कुमार साहा तथा परिषद के कोंडागांव जिला अध्यक्ष श्री सूरज कुमार यादव उपस्थित रहे।
स्कूल ने बताया कि प्राचार्य रितेश कुमार चौबे सहित विद्यालय परिवार ने छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तथा विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गान से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थितजनों ने प्रदेश के प्रति गौरव संकल्प लिया। सके पश्चात विद्यार्थियों ने भाषण, समूह गीत, कविता पाठ, भाषा प्रस्तुति तथा मनमोहक लोकनृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति, नारी शक्ति और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
स्कूल ने बताया कि इइन प्रस्तुतियों में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक जागरूकता की सुंदर झलक दिखी, जिसे अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा। खेल के क्षेत्र में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को भी मंच पर सम्मान मिला।



