साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके विद्यार्थियों को दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
राजनांदगांव: आनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलईरवार में साइबर अपराध जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के साथ यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में तुमड़ीबोड़ थाना प्रभारी धनीराम नारंगे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कांस्टेबल मिथुन वर्मा, चंद्रशेखर यादव, विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपना ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इंटरनेट का उपयोग सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें। साइबर अपराध का शिकार होने पर अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें। साथ ही साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।
यातायात नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा
कार्यक्रम के दूसरे चरण में व्याख्याता थंगेश्वर कुमार साहू ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। विद्यार्थियों को नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता थंगेश्वर कुमार साहू ने किया।
