स्व सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर को मिला बाजार
राजनांदगांव: राजा फतेह सिंह खेल मैदान खैरागढ़ में जिला स्तरीय सरस मेला का आयोजन किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, कलेक्टर इंद्रजीत, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष छुईखदान पुष्पा प्रकाश व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रवेश द्वार पर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने मंच पर दीप प्रज्ज्वलित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अपने हुनर और परिश्रम के बल पर आत्मनिर्भरता की नई पहचान बना रही हैं। सरस मेले में प्रदर्शित उत्पाद उनकी मेहनत, रचनात्मकता एवं उद्यमशीलता का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ समाज में पहचान और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महिलाओं की मेहनत को बाजार से जोड़ना हमारी प्राथमिकता
कलेक्टर ने कहा कि सरस मेला ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान स्थापित करने, बाजार तक पहुंच बनाने तथा आय बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने और महिला स्व-सहायता समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले के उद्देश्यों एवं उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में पहली बार जिला स्तरीय सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराना और बेहतर बाजार से जोड़ना है।
स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प ने खींचा लोगों का ध्यान
मेले में अचार, पापड़, बड़ी, दीपक, जैविक खाद, पान से निर्मित मिठाइयां, बांस के हस्तशिल्प, गुलदस्ते, अगरबत्ती, जैविक सब्जियां, दाल एवं बेसन सहित विभिन्न स्थानीय और घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों में उनके कौशल और नवाचार की झलक देखने को मिली।अतिथियों ने स्टालों का भ्रमण कर महिलाओं से उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता एवं विपणन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम के अंत में उप संचालक श्री राज तिवारी ने अतिथियों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर भुनेश्वरी देवांगन, अरुणा राजू सिंह, खम्मन ताम्रकार, शैलेंद्र त्रिपाठी, शैलेन्द्र मिश्रा, विकेश गुप्ता, विनय देवांगन व अन्य उपस्थित रहे।
