दस लाख के कर्ज से छुटकारा पाने के लिए रची गई डबल मर्डर की साजिश, शराब में मिलाया सुहागा

क्लीनिक संचालक से था लेन-देन का विवाद, पार्षद की साथ बैठने के कारण जान गई
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 25अक्टूबर।पामगढ़ थाना क्षेत्र में दो लोगों की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआत में जहरीली शराब या फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही थी,लेकिन पुलिस की जांच में इसे सुनियोजित दोहरी हत्या बताया गया है। पुलिस के मुताबिक,करीब10लाख रुपये के कर्ज और मकान बेचने के दबाव से बचने के लिए आरोपियों ने शराब में सुहागा मिलाकर हत्या की साजिश रची। इस घटना में कर्ज देने वाले झोलाछाप डॉक्टर जोहित खरे के साथ पामगढ़ के पार्षद रामखिलावन जांगड़े की भी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार,जोहित खरे ने पामगढ़ निवासी राजा खरे को करीब10लाख रुपये उधार दिए थे। लंबे समय से रकम वापस मांगने के बावजूद राजा टालमटोल कर रहा था। हाल ही में जोहित ने साफ कह दिया था कि अगर वह रकम नहीं लौटा सकता तो कर्ज चुकाने के लिए अपना मकान बेच दे।
पुलिस का कहना है कि इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए राजा खरे ने मुकेश कश्यप के साथ मिलकर जोहित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
23अक्टूबर की शाम राजा खरे और मुकेश कश्यप ने बातचीत और शराब पीने के बहाने जोहित को बुलाया। इसी दौरान पार्षद रामखिलावन जांगड़े भी वहां पहुंच गए। सभी ने स्थानीय दुकान से शराब खरीदी।
आरोप है कि साजिश के तहत जोहित के गिलास में सुहागा मिलाया गया। पार्षद रामखिलावन इस साजिश में शामिल नहीं थे,लेकिन उसी शराब का सेवन करने के कारण वह भी जहरीले पदार्थ की चपेट में आ गए।
शराब पीने के बाद जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। दोनों को गंभीर उल्टियां होने लगीं। हालत नाजुक होने पर उन्हें पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए दोनों को बिलासपुर के सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया,जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक,घटना के बाद राजा खरे ने खुद को बीमार बताकर बिलासपुर के सिम्स में भर्ती करा लिया। उसके साथी से पूछताछ के बाद पुलिस का संदेह गहरा गया और अस्पताल में24घंटे निगरानी रखी गई।
घटनास्थल से शराब की बोतलें,डिस्पोजेबल गिलास,कपड़े और उल्टी के नमूने जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए। जांच में सुहागा की मौजूदगी की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
जांजगीर-चांपा के एसपी विजय पांडे के अनुसार,पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
