रानी सागर की सैर होगी और रोमांचक चैपाटी को मिलीं सात नई नौकाएं
राजनांदगांव : रानी सागर की सैर अब पहले से ज्यादा रोमांचक होगी। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य उपवन (चैपाटी) में सात नई नौकाएं शुरू की गई हैं। महापौर मधुसूदन यादव ने शुक्रवार को पूजन कर इन्हें आम जनता के लिए समर्पित किया। इससे बच्चों और परिवारों को नौकायन का नया आकर्षण मिलेगा। नगर निगम लंबे समय से बंद टाय ट्रेन को भी दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
महापौर ने कहा कि रानी सागर शहर की ऐतिहासिक धरोहर है। इसे चरणबद्ध तरीके से विकसित कर पुराने वैभव और आकर्षण में लौटाने का प्रयास किया जा रहा है। टॉय ट्रेन शुरू होने से बच्चों के मनोरंजन के लिए एक और सुविधा जुड़ेगी। साथ ही उपवन में आवश्यक मरम्मत और सौंदर्यीकरण के काम भी कराए जा रहे हैं।
हरियाली बढ़ाने लगाए 23 पौधे
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए 13 मौलश्री और 10 नारियल के पौधे रोपे गए। नगर निगम का लक्ष्य रानी सागर को मनोरंजन, पर्यटन और पारिवारिक सैर-सपाटे के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, महापौर परिषद के सदस्य सावन वर्मा और राजा माखीजा, पार्षद रवि सिन्हा, सतीश साहू सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
झूले, पाथवे और पुष्पवाटिका का भी नवीनीकरण
नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने बताया कि उपवन के पाथवे की मरम्मत कराई गई है। लक्ष्मण झूला, जिम उपकरण और बच्चों के झूलों को भी दुरुस्त किया गया है। कबाड़ से जुगाड़ पहल के तहत अनुपयोगी सामग्री से शेर की आकृति तैयार कर लगाई गई है, जिसे सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित किया गया है। परिसर में रंग-रोगन, पौधों की छंटाई और पुष्पवाटिका में सर्वसुविधायुक्त शौचालय का निर्माण भी कराया गया है।
