अनुबंधित डॉक्टरों को उच्च शिक्षा के लिए संपत्ति गिरवी रखने की शर्त से छूट की मांग

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन ने अनुबंधित चिकित्सकों को स्नातकोत्तर (पीजी) और सुपर स्पेशियलिटी की पढ़ाई के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देने के मामले में बैंक गारंटी और संपत्ति गिरवी रखने की अनिवार्य शर्त में छूट देने की मांग की है। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसके स्थान पर शपथ-पत्र के आधार पर एनओसी देने की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया है।
फेडरेशन का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में पीजी की पढ़ाई के लिए 25 लाख रुपये और सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम के लिए 50 लाख रुपये की बैंक गारंटी अथवा समकक्ष मूल्य की अचल संपत्ति गिरवी रखने की शर्त है। सीमित आर्थिक संसाधनों और अपने नाम पर पर्याप्त संपत्ति नहीं होने के कारण कई अनुबंधित चिकित्सक उच्च शिक्षा के अवसर से वंचित रह जाते हैं।
सीजीडीएफ का कहना है कि प्रदेश में हृदय रोग, तंत्रिका रोग, गुर्दा रोग, कैंसर उपचार और अन्य सुपर स्पेशियलिटी क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। अनुबंधित चिकित्सकों को उच्च शिक्षा का अवसर मिलने से भविष्य में विशेषज्ञों की उपलब्धता बढ़ सकती है और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
फेडरेशन ने सुझाव दिया है कि बैंक गारंटी या संपत्ति गिरवी रखने की अनिवार्यता के स्थान पर निर्धारित प्रारूप में नोटरीकृत शपथ-पत्र और सहमति-पत्र लिया जाए। इसमें शासन की निर्धारित सेवा शर्तों, बांड और उच्च शिक्षा के बाद राज्य में सेवा देने संबंधी दायित्वों के पालन की सहमति शामिल हो। पत्र पर अध्यक्ष डॉ. हीरा सिंह लोधी, उपाध्यक्ष डॉ. मानसीज मिरे, महासचिव डॉ. नवीन कोठारे और डॉ. अनीश भगत के हस्ताक्षर हैं।



