झारखंड में नांदगांव के तीन की ट्रक-कार भिड़ंत में मौत

हादसे में बुजुर्ग, 11 साल की बच्ची समेत 9 माह के मासूम को हल्की चोटें
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 अक्टूबर। झारखंड में 13 अक्टूबर की सुबह एक भीषण हादसे में राजनांदगांव के रहने वाले एक सिख परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई। वहीं घटना में एक बुजुर्ग और 11 साल की बच्ची को भी चोट पहुंची है। जबकि 9 माह की एक दूधमुंही बच्ची हादसे में बाल-बाल बच गई।
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब परिवार के सदस्य कार से राजनांदगांव से जमशेदपुर जा रहा था। सडक़ हादसे में मारे गए सदस्यों की शिनाख्ती स्थानीय पुलिस ने कर ली है। घायलों का जमशेदपुर के टाटा मेन हास्पिटल में उपचार चल रहा है। घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव के पनेका-बांकल मोड़ पर स्थित समता कालोनी में रहने वाले 57 वर्षीय प्रदीप सिंह अपने परिवार के सदस्य अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15), गुरू सिमरन कौर (11), हरमन कौर (6) और 9 माह की एक दूधमुही बच्ची के साथ जमशेदपुर जाने निकले थे। जैसे ही यह परिवार जमशेदपुर की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास से गुजर रहा था, तभी गलत दिशा से आ रही एक ट्रक ने कार को जबर्दस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह से टेमेज हो गया। जिसमें अमृत कौर, अमनदीप कौर और गुरू सिमरन कौर की मौत हो गई। वहीं 57 वर्षीय प्रदीप सिंह और हरमन कौर जख्मी हो गए। हादसे में 9 साल की मासूम बच्ची सुरक्षित बच गई। हाटगम्हरिया थाना में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। इधर हादसे की खबर से राजनांदगांव में सिख समाज में शोक का माहौल है।
