मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे पर पीएम मोदी ने क्या कहा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं की भीड़ को कुचल दिया. इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि क़रीब 40 लोग घायल हुए हैं.
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का एलान किया है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की ख़बर सुनकर दुख हुआ. जिन परिवारों ने अपने लोगों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं.
उन्होंने लिखा, जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.
गौरतलब है कि इस मामले में ट्रक की तकनीकी जांच के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम भी भेजी गई है, ताकि हादसे की वजह का पता लगाया जा सके.(bbc.com/hindi)

