कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर खड़ी बस में पीछे से घुसा ट्रक, हाईकोर्ट के अधिवक्ता और छात्र की मौत

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोरबा, 16 नवंबर। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तनाखार के पास रविवार तड़के भीषण सड़क हादसे में हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता और एक छात्र की मौत हो गई। अंबिकापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुनकुरी से रायपुर जा रही रॉयल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे कटघोरा थाना क्षेत्र के तनाखार स्थित अनूप ढाबा के सामने हुआ। रॉयल बस नियमित रूप से कुनकुरी से रायपुर के बीच चलती है। रोजाना की तरह बस चालक यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुआ था।
रास्ते में बस कुछ देर के लिए जलपान के लिए ढाबे के सामने रुकी थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों के बाहर निकलने तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गरियाबंद निवासी खिरसिंधु प्रधान के रूप में हुई है, जो हाईकोर्ट में अधिवक्ता थे। दूसरे मृतक संजू लकड़ा जशपुर जिले के निवासी थे। वे परीक्षा देकर झारखंड से रायपुर लौट रहे थे।
हादसे में नूरी खान (कुनकुरी), सलना तिर्की (जशपुर), शांता टोप्पो (बगीचा), जगदीश (जशपुर) और आकृति खलखो (कुनकुरी) घायल हुए हैं। सभी को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शांता टोप्पो को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने यात्रियों की मदद से राहत और बचाव कार्य कराया। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
