बस्तर बाढ़ को लेकर भड़के सुखदेव भगत, कहा- सीएम की संवेदनशीलता नजर नहीं आई

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 7 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने बस्तर में आई बाढ़ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बस्तर में आई बाढ़ से पैदा हुई स्थिति बेहद हृदयविदारक है, लेकिन इस दौरान प्रदेश के मुखिया और मुख्यमंत्री में जिस संवेदनशीलता की अपेक्षा थी, वह दिखाई नहीं दी। ऐसा लगा जैसे वे वहां फोटो सत्र के लिए गए हों।
भगत ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का ध्यान बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं पर नहीं, बल्कि सिंगापुर पर था। उन्होंने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ प्रदेश की जनता ने सरकार को चुना था, उन जिम्मेदारियों को पूरा नहीं किया गया। कांग्रेस के कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित लोगों की पीड़ा कम करने के लिए वहां पहुंचे और उनकी मदद का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दल बस्तर संभाग में तीन दिन रहेगा और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेगा। भगत ने कहा कि जल, जंगल और जमीन कांग्रेस के लिए केवल नारा नहीं, बल्कि प्रतिबद्धता और संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रभावित लोगों से संवाद करने के साथ ही लोकतंत्र बचाओ अभियान से भी फिर जुड़ेगी।
