विधायक मोहले के भाई समेत तीन को कुचलने वाले पिकअप चालक सहित चार गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के रहने वाले आरोपी रायगढ़-ओडिशा सीमा के पास पकड़े गए
खून के निशान मिटाने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए बदलाव करने का भी आरोप
छत्तीसगढ़ संवाददाता
मुंगेली, 18 अक्टूबर। जिले के दशरंगपुर में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की जान लेने वाले सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद फरार वाहन और उसमें सवार लोगों को पुलिस ने रायगढ़ जिले में ओडिशा सीमा के पास पकड़ा। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वाहन पर लगे खून के निशान मिटाने और उसकी पहचान छिपाने के लिए भी प्रयास किए गए थे।
दुर्घटना 15 अक्टूबर की सुबह मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में हुई थी। सुबह करीब छह बजे अधीन मोहले, बल्लू बघेल और गंगाराम टंडन सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार महिंद्रा वीरो मालवाहक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हो गई। मृतकों में विधायक पुन्नूलाल मोहले के चचेरे भाई अधीन दास मोहले भी शामिल थे। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था।
पुलिस की जांच के अनुसार, चारों आरोपी पश्चिम बंगाल से बकरी खरीदने के लिए छत्तीसगढ़ आए थे। 15 अक्टूबर की सुबह दशरंगपुर पहुंचने के दौरान वाहन नबजीत दास चला रहा था। पुलिस का आरोप है कि वाहन में सवार अन्य लोगों ने उसे तेज गति से गाड़ी चलाने के लिए कहा। इसके बाद चालक ने कथित तौर पर वाहन को खतरनाक तरीके से विपरीत दिशा में चलाते हुए सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी।
पुलिस जांच में वाहन पर लगे खून के निशान मिटाने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से बोनट को क्षतिग्रस्त कर अलग फेंकने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाने और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों का पीछा किया।
पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नबजीत दास (24 वर्ष) वाहन चालक, अनंता विश्वास (31 वर्ष),
कानु विश्वास (57 वर्ष) तथा सौरव मल्लिक (30 वर्ष) शामिल हैं।
नबजीत दास, अनंता विश्वास और कानु विश्वास पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर थाना क्षेत्र के कंकपुल कलंगढ़ के निवासी बताए गए हैं। सौरव मल्लिक तरुण पल्ली, पश्चिम बंगाल का निवासी है।
पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल पश्चिम बंगाल में रजिस्टर्ड महिंद्रा वीरो वाहन भी जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 238(क) और 3(5) के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और 17 अक्टूबर को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।



