तरावड़ी अनाज मंडी में फसल खरीद शुरू, विधायक कबीरपंथी ने किया शुभारंभ

करनाल। तरावड़ी अनाज मंडी में फसल खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने मंडी पहुंचकर खरीद कार्य का शुभारंभ करवाया। पहले दिन हैफेड की ओर से फसल की खरीद शुरू की गई।
इस दौरान विधायक ने अनाज मंडी का निरीक्षण किया और खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एक-एक ढेरी पर जाकर फसल की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों से खरीद कार्य की जानकारी ली। विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि फसल बेचने के दौरान किसी किसान, आढ़ती या जमींदार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
विधायक कबीरपंथी ने कहा कि खरीद सीजन के दौरान किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल साफ-सुथरी और व्यवस्थित तरीके से मंडी में लेकर आएं, जिससे खरीद कार्य सुचारू रूप से चल सके।
उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए और खरीद व्यवस्था सुचारू रहे। सरकार किसानों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है और खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी अध्यक्ष रणदीप चौधरी, वाइस चेयरमैन राजीव नारंग, मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत भारद्वाज, सुल्तान सोहलो, पूर्व प्रधान शीशपाल गुप्ता, सुल्तानपुर के सरपंच जसमेर समेत कई गणमान्य व्यक्ति और तरावड़ी अनाज मंडी के आढ़ती मौजूद रहे।



