कल रवि पुष्य योग में बरसेगा धन : कारोबार में 20 से 30 प्रतिशत उछाल की उम्मीद
राजनांदगांव: दीपावली की दस्तक के साथ ही शहर का बाजार सजकर तैयार हो गया है। दुकानों में आकर्षक सजावट और लुभावने आफरों के बीच ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। कारोबारियों को इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर व्यापार की उम्मीद है। एक नवंबर को रवि पुष्य नक्षत्र का शुभ संयोग बाजार में खरीदारी को नई रफ्तार देगा। रविवार को अवकाश होने के कारण बाजार में ग्राहकों की भीड़ और अधिक बढ़ने की संभावना है। सोना-चांदी, कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, ऑटोमोबाइल से लेकर जमीन-जायदाद तक के कारोबार में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार 27 नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र को सबसे शुभ माना गया है। इसे नक्षत्रों का राजा भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस नक्षत्र में खरीदी गई वस्तुएं स्थायी और श्रेष्ठ फल देने वाली होती हैं। पंडित विवेक मिश्रा ने बताया कि पुष्य नक्षत्र में हर प्रकार की खरीदारी की जा सकती है। विशेष रूप से सोना-चांदी और अचल संपत्ति की खरीदी को अत्यंत शुभ माना जाता है। पुष्य नक्षत्र में अचल संपत्ति के रूप में मकान, प्लाट, फ्लैट, कृषि भूमि और व्यावसायिक संपत्तियों की खरीदी को शुभ माना जाता है। वहीं चल संपत्ति में सोना, चांदी, हीरा और प्लेटिनम के आभूषण, चारपहिया-दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रिक वाहन तथा फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, लैपटाप और माइक्रोवेव जैसे इलेक्ट्रानिक सामान की खरीदारी को लेकर भी बाजार में उत्साह है।
हल्के आभूषणों की 70 से अधिक डिजाइन तैयार
दीपावली को देखते हुए सराफा बाजार में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। कारीगरों ने एक से 10 ग्राम तक के हल्के आभूषणों की 70 से अधिक डिजाइन तैयार की हैं। इनमें नाक की बाली, कान के टाप्स, अंगूठी, चेन और मंगलसूत्र शामिल हैं। आशीष ज्वेलर्स के संचालक अनिल बैद ने बताया कि इस बार हल्के आभूषणों की मांग अधिक है, जिससे कारीगरों को भी अच्छा काम मिला है। अब सोने-चांदी के आभूषण केवल शुभ अवसरों पर शगुन के लिए ही नहीं, बल्कि निवेश के उद्देश्य से भी खरीदे जा रहे हैं। वहीं हालमार्क व्यवस्था से सोने की शुद्धता को लेकर ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है, जिससे निवेश के रूप में इसकी मांग में इजाफा हुआ है।
जीएसटी में राहत और आफरों से बढ़ेगी रौनक
जीएसटी में छूट का असर भी बाजार में दिखाई देने लगा है। दुकानदार खरीदी पर उपहार, छूट और आकर्षक आफर दे रहे हैं। इस बार बाजार में 20 से 30 प्रतिशत तक की ग्रोथ हो सकती है। आटोमोबाइल सेक्टर में नए फीचर्स और अलग-अलग वैरायटी वाली कारों, दोपहिया वाहनों तथा इलेक्ट्रिक वाहनों का स्टाक मंगाया गया है। इलेक्ट्रानिक्स और मोबाइल बाजार में भी कंपनियों ने नए मॉडल लॉन्च किए हैं। दुकानदारों की ओर से दिए जा रहे आकर्षक आफरों का लाभ ग्राहक उठाने लगे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि रवि पुष्य नक्षत्र और रविवार की छुट्टी का संयोग दीपावली कारोबार को नई ऊंचाई देगा।
