दुर्गा पंडालों में चेन स्नेचिंग करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, ब्लेड जब्त

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 21 अक्टूबर। दुर्गा पूजा पंडालों में महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तेलीपारा रोड स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में 18 अक्टूबर 2024 को आरती के दौरान श्वेता कश्यप के गले से करीब 14 ग्राम वजनी और 60 हजार रुपये की सोने की चेन चोरी हो गई थी। उनके बेटे शौर्य कश्यप की शिकायत पर जांच शुरू की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को 20 अक्टूबर 2026 को उसलापुर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध महिलाओं की मौजूदगी की सूचना मिली। पहचान और पूछताछ के बाद पुलिस ने वर्षा बंसल (23), आशा बंसल (30) और सबिता उर्फ सरिता (30) को गिरफ्तार किया। तीनों एमसीबी जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र के केराडोर की निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इसी पंडाल में एक अन्य महिला की चेन चोरी करने और उसे अपनी साथी रीना बंसल को सौंपने की बात भी बताई है। वारदात में इस्तेमाल ब्लेड जब्त कर तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


