52 हाथियों के झुंड को करीब से देखने गए ग्रामीण पर सूंड से हमला, बिलासपुर में मौत

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोरबा, 18 अक्टूबर। पसान वन परिक्षेत्र के खोडरी गांव में हाथियों के झुंड को देखने गए 40 वर्षीय ग्रामीण प्रताप सिंह वाकरे की हाथी के हमले में मौत हो गई। हाथी ने सूंड से हमला कर उन्हें पास के गड्ढे में गिरा दिया था। गंभीर हालत में उन्हें पहले पसान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर बिलासपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना शुक्रवार रात करीब नौ से दस बजे के बीच की है। खोडरी गांव कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र में आता है। इलाके के जंगल में करीब 52 हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। रात में झुंड गांव के नजदीक पहुंचा तो हाथियों की चिंघाड़ सुनकर प्रताप सिंह वाकरे कुछ ग्रामीणों के साथ उन्हें देखने चला गया।
इसी दौरान झुंड का एक हाथी ग्रामीणों की ओर दौड़ा। बाकी लोग किसी तरह बचकर निकल गए, लेकिन प्रताप पीछे रह गया। हाथी ने उसे सूंड से उठाकर पटका, जिससे वह पास के गड्ढे में जा गिरा। घटना के बाद हाथी झुंड में लौट गया।
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने प्रताप को गड्ढे से बाहर निकाला। उसको इलाज के लिए पसान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण आगे के इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वन विभाग के मुताबिक, 52 हाथियों का झुंड फिलहाल पसान क्षेत्र में मौजूद है। झुंड के गांवों के करीब आने पर लोग उन्हें देखने के लिए जमा हो जाते हैं। कई बार ग्रामीण शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश करते हैं या उनके बहुत करीब पहुंच जाते हैं। इससे जान का खतरा बढ़ जाता है।
घटना की सूचना पर कटघोरा के प्रभारी एसडीओ और आईएफएस प्रशिक्षु मृगजा जलंधर यादव तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। विभागीय नियमों के तहत परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी गई।



