तीन दिवसीय श्री गीता ज्ञान अमृत वर्षा कथा 27 से 29 अक्टूबर तक, 30 को होगा भव्य हवन
रायपुर : कार्तिक माह के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में धर्म, अध्यात्म, ज्ञान और भक्ति की दिव्य धारा प्रवाहित होने जा रही है। श्रीमद्भगवद्गीता के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा जीवन में ज्ञान, भक्ति और कर्म के महत्व को उजागर करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय ‘श्री गीता ज्ञान अमृत वर्षा कथा’ का आयोजन 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। कथा के समापन के अगले दिन, 30 अक्टूबर को सुबह 7 बजे भव्य हवन का आयोजन किया जाएगा। प्रयागराज से पधार रहे परम पूज्य गुरुदेव श्री संकर्षण शरण जी (गुरुजी) अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य ज्ञान, आध्यात्मिक चिंतन और जीवनोपयोगी संदेशों से परिचित कराएंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए कर्म, धर्म, भक्ति और कर्तव्य के उपदेशों को सरल एवं सहज रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु गीता के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात कर सकें। यह आध्यात्मिक आयोजन रायपुर के अश्वनी नगर स्थित सोनकर मैरिज पैलेस में संपन्न होगा। कार्तिक माह की पवित्रता के बीच आयोजित इस कथा में श्रद्धालुओं को सत्संग, आध्यात्मिक चिंतन और प्रभु भक्ति के माध्यम से आत्मिक शांति एवं सकारात्मक जीवन-दृष्टि प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। श्री गीता ज्ञान अमृत वर्षा कथा केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, जीवन मूल्यों और श्रीमद्भगवद्गीता की कालजयी शिक्षाओं से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन के माध्यम से समाज में धर्म, सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का संदेश दिया जाएगा। इस तीन दिवसीय कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।आयोजनकर्ता श्रीमती नमिता पात्रा एवं मां कामाख्या धर्मादा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने तथा धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
युगदृष्टा महाशक्ति पीठ मां कामाख्या के उपासक एवं 10 महाविद्याओं के साधक श्री संकर्षण शरण जी (गुरुजी परम पूज्य सद्गृहस्थ संत श्री संकर्षण शरण जी (गुरुजी) युग प्रवर्तक एवं आध्यात्मिक साधक के रूप में धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। रामायण, श्रीमद्भगवद्गीता, श्रीमद्भागवत महापुराण और शिव पुराण सहित अनेक धार्मिक ग्रंथों के मर्मज्ञ गुरुजी मां कामाख्या के अनन्य उपासक तथा दस महाविद्याओं के साधक हैं।
