ममता बनर्जी ने काली पूजा को लेकर बीजेपी पर क्या आरोप लगाए?

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर मनमानी करने का आरोप लगाया.
उन्होंने दावा किया कि कोलकाता के कालीघाट इलाके में काली पूजा के एक समारोह पर तड़के असामाजिक तत्वों के गिरोह ने हमला किया.
उनका दावा है कि ये घटना तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी के घर पर कथित हमले के बाद हुई. अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि रात करीब दो बजे उनके घर पर हमला किया गया, जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ममता बनर्जी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि काली पूजा और दिवाली से पहले इलाके में पारंपरिक पूजा समारोहों में बाधा क्यों डाली जा रही है.
उन्होंने कहा, कल काली पूजा और दिवाली है. बीती रात दो बजे अभिषेक बनर्जी के घर पर हमला किया गया. यह हमारा इलाक़ा है और यहां से मां काली की कई शोभायात्राएं निकलती हैं. आप इस तरह की बाधा क्यों पैदा कर रहे हैं?
आपने हमारी पुरानी और पारंपरिक पूजाओं की अनुमति रद्द कर दी, जबकि नई पूजाओं को अनुमति दी जा रही है. आपने बीती रात हमारे स्थानीय क्लबों को भी काम नहीं करने दिया. हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं और इसी वजह से वे नाराज़ हैं.
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर इलाके में अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देर रात लोगों के समूह वहां आकर उनके काम में बाधा डाल रहे हैं.
उन्होंने कहा, यहां पूरी तरह गुंडागर्दी हो रही है. लोग रात दो या तीन बजे यहां पहुंच जाते हैं. अगर आप बुलडोज़र चलाने की हिम्मत रखते हैं, तो रात तीन बजे गुंडों के गिरोह के साथ आकर काली पूजा समारोह पर हमला क्यों करते हैं? हम यहां पार्टी से जुड़ा काम कर रहे हैं और आप उसमें बाधा डालने आ रहे हैं.
टीएमसी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि पारंपरिक पूजा समारोहों की अनुमति रद्द कर दी गई, जबकि मुख्य सड़क पर नई पूजा आयोजित करने की अनुमति दी गई. इससे उनके पूजा स्थल तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया.(bbc.com/hindi)


