नौ माह से रुकी पेंशन शुरू, आवास की किस्त मिली, ट्रांसफॉर्मर बदलने से 80 परिवारों को राहत

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 16 अक्टूबर। सीएम हेल्पलाइन 1076 पर 9 जून से 15 अक्टूबर तक 2 लाख 31 हजार 850 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 2 लाख 5 हजार 996 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। इस तरह 88.85 प्रतिशत शिकायतों का समाधान हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित हेल्पलाइन कार्यालय में समीक्षा के दौरान इसे शुरुआती परिणाम बताते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण और नागरिकों की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर समस्याओं के समाधान का फीडबैक लिया। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर खराब होने से 80 से 85 परिवारों की बिजली आपूर्ति प्रभावित थी। हेल्पलाइन पर शिकायत के करीब एक सप्ताह के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली बहाल कर दी गई। इसी तरह जशपुर जिले के बगीचा निवासी वीरेंद्र यादव को प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित दूसरी किस्त के 55 हजार रुपये शिकायत के करीब दस दिन बाद मिले। मुंगेली जिले के करही निवासी तोरण साहू की शिकायत के बाद उनकी माताजी की नौ महीने से रुकी पेंशन फिर शुरू हुई और लंबित राशि का भी भुगतान किया गया।
समीक्षा में बताया गया कि हेल्पलाइन पर प्रतिदिन औसतन 1500 से 2000 शिकायतें मिल रही हैं। फिलहाल 25 हजार 854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत बंद करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित व्यक्ति की समस्या वास्तव में दूर हुई है। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर जवाबदेही तय करने और अच्छा काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।
साय ने विभागवार और जिलावार शिकायतों का नियमित विश्लेषण कर बार-बार सामने आ रही समस्याओं के मूल कारणों की पहचान करने को कहा। उन्होंने बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में हेल्पलाइन का प्रचार-प्रसार ग्राम पंचायतों, उचित मूल्य दुकानों और कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिक सेवाओं में सुधार और शासन-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की व्यवस्था भी है।



