छत्तीसगढ़

अनुकंपा नियुक्ति 14 को भीख मांगेंगी दिवंगत शिक्षाकर्मियों की विधवाएं

शेष आश्रितों को योग्यता के अनुसार नौकरी देने की मांग, सुनवाई नहीं हुई तो महिला मुंडन कराकर जताएंगी विरोध

रायपुर, 12 अक्टूबर।छत्तीसगढ़ में दिवंगत शिक्षाकर्मी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) संवर्ग के शेष आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। लंबे समय से नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे परिवारों ने अपनी पीड़ा शासन तक पहुंचाने के लिए विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है। मांग पूरी नहीं होने पर 14 अक्टूबर को रायपुर के अंबेडकर चौक पर दिवंगत शिक्षाकर्मियों की विधवाएं अपने बच्चों के साथ भीख मांगकर धरना-प्रदर्शन करेंगी। इसके बाद भी सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर महिलाएं मुंडन कराकर विरोध दर्ज कराने के लिए विवश होंगी।

परिवारों के सामने आर्थिक संकट

दिवंगत शिक्षाकर्मियों के परिवारों के सामने कमाऊ सदस्य के निधन के बाद जीवनयापन, बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे परिवारों के लिए अनुकंपा नियुक्ति आर्थिक सहारा और बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने का माध्यम है।

लंबे संघर्ष के बाद भी समाधान नहीं

संघ के अनुसार, शेष बचे आश्रितों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में पूर्व में भी आंदोलन और विभिन्न माध्यमों से शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

शासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील

पीड़ित परिवारों ने शासन से मानवीय आधार पर मामले का निराकरण करने और पात्र आश्रितों को शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवारों की आर्थिक कठिनाइयों को देखते हुए इस मामले में सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। अब 14 अक्टूबर को प्रस्तावित आंदोलन के माध्यम से अपनी मांग शासन तक पहुंचाने की तैयारी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button