न फीस न संसाधनों की कमी बनी बाधा 64 बच्चों ने पांच परीक्षाओं में लहराया परचम
राजनांदगांव: मेहनत, लगन और गुरुजनों के समर्पण से जब सपनों को उड़ान मिलती है, तो सफलता की नई इबारत लिखी जाती है। इसका शानदार उदाहरण गंडई के नवप्रयास कोचिंग सेंटर के 64 मेधावी विद्यार्थियों ने पेश किया है। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में इन होनहारों को सम्मानित किया गया। अपने बच्चों की सफलता पर पालकों के चेहरे खिल उठे। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा। समारोह में 300 से अधिक पालक, शिक्षक और गणमान्य नागरिक शामिल होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे। नवप्रयास कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इनमें प्रयास परीक्षा में 29, राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में 20, एकलव्य विद्यालय में छह, सैनिक स्कूल में पांच तथा जवाहर नवोदय विद्यालय में चारविद्यार्थियों का चयन हुआ है। यह उपलब्धि ग्रामीण और साधनहीन परिवारों के बच्चों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई है।
नवप्रयास कोचिंग सेंटर शासकीय शिक्षकों की निस्वार्थ पहल है, जहां प्रतिदिन सुबह सात से नौबजे तक विद्यार्थियों को पूरी तरह । निश्शुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे के सपनों की राह में बाधा न बने। खास बात यह है कि शिक्षकों ने इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए स्वस्फूर्त होकर तन, मन और धन से सहयोग दिया है। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेन्द्र कुमार सुधाकर, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो, उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार, वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद प्रकाश पटेल और वार्ड क्रमांक सात के पार्षद राकेश निषाद सहित अतिथि उपस्थित रहे। डीईओ उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि नवप्रयास केवल कोचिंग सेंटर नहीं, बल्कि गरीब और ग्रामीण बच्चों के सपनों को पंख देने वाला मंदिर है। यहां के शिक्षक वास्तव में राष्ट्र निर्माता की भूमिका निभा रहे हैं।
सैनिक स्कूल के चयनित बच्चों को खड़े होकर किया सैल्यूट
समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब सैनिक स्कूल में चयनित पांचों विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित किया गया। उनकी उपलब्धि के सम्मान में उपस्थित सभी लोगों ने खड़े होकर सैल्यूट किया। इस दौरान बच्चों को देश की रक्षा के लिए समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। इस सम्मान ने समारोह में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। बच्चों की बेहतर पढ़ाई और तैयारी के लिए जनप्रतिनिधियों ने भी सहयोग दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो की निधि से 2.50 लाख रुपये की लागत के डिजिटल बोर्ड तथा वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद दिलीप ओगरे की ओर से 25 हजार रुपये की फोटो कापी प्रिंटर मशीन उपलब्ध कराई गई। इससे संस्था के विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सुविधा मिलेगी। बाल दिवस के अवसर पर संस्था के बच्चों ने विद्यालय परिसर को सुंदर रंगोली से सजाया था, जिसकी अतिथियों और पालकों ने खूब सराहना की। संस्था की दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी कौशल सिंह राजपूत ने दी।


