छत्तीसगढ़

10 साल पुराने प्रकरण में पूर्व चारामा नपं अध्यक्ष व कर्मी बरी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
चारामा, 31 अक्टूबर। लगभग 10 वर्षों तक चले आबादी भूमि मलमा खरीदी प्रकरण में निचली अदालत ने गवाहों के बयान, विवेचक की गवाही, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ की रिपोर्ट, दस्तावेजी साक्ष्यों और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत शपथ पत्रों का परीक्षण करने के बाद, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत चारामा प्यारे लाल देवांगन और नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारी कुंजलाल को धारा 420, 296, 34 एवं 472 के आरोपों से दोषमुक्त करते हुए बाइज्जत बरी कर दिया।

प्यारे लाल देवांगन ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास था। उन्होंने कहा कि इस अवधि में उन्हें और उनके परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखा। न्यायालय ने साक्ष्यों का परीक्षण कर उन्हें निर्दोष माना।

प्रकरण में शिकायत पक्ष की भूमिका और शिकायत के कारणों को लेकर आरोप न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे। न्यायालय ने साक्ष्यों और विधिक प्रक्रिया के आधार पर निर्णय दिया।

श्री देवांगन ने अपने अधिवक्ताओं, शुभचिंतकों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस दौरान विश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ क्षेत्र के विकास और जनता के हित में कार्य करते रहेंगे।

उन्होंने कहा, माननीय न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय से सत्य की जीत हुई है। जिन लोगों ने सिविल प्रकरण को आपराधिक प्रकरण का रूप देने का प्रयास किया, उनके लिए भी मेरी प्रार्थना है कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें और उनके परिवार को सुरक्षित रखें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button