ईरान के दौरे पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर, सऊदी अरब और तुर्की के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल

पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग का कहना है कि फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर आज ईरान के आधिकारिक दौरे पर हैं.
इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि मक्का संयुक्त रक्षा समझौते में शामिल देश तुर्की, सऊदी अरब और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल सोमवार यानी 26 अक्तूबर को तेहरान का दौरा करेंगे.
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने बताया कि तेहरान में इस संयुक्त बैठक का प्रस्ताव फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अपने हालिया ईरान दौरे पर दिया था.
सोमवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में बकाई ने कहा कि इस तरह की यह पहली बैठक होगी. इसमें ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रजाई भी शामिल होंगे.
उन्होंने बताया कि बैठक में क्षेत्रीय और सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी. इनमें ईरान और अमेरिका के बीच हाल में बढ़ा सैन्य तनाव भी शामिल है.
वहीं, सऊदी अरब के उप विदेश मंत्री (पब्लिक डिप्लोमेसी) डॉ. रायद करीमली ने कहा है कि रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान आज तेहरान में होने वाली बैठकों में सऊदी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करेंगे.
इन बैठकों में मक्का संयुक्त रक्षा समझौते में शामिल देशों पाकिस्तान, तुर्की और सऊदी अरब के प्रतिनिधियों और ईरान के नेताओं के बीच बातचीत होगी.
डॉ. रायद के मुताबिक, इन बैठकों में पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और तुर्की की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी के प्रमुख इब्राहिम कालिन भी शामिल होंगे.(bbc.com/hindi)

