दर्शन करने आए युवक की सरोवर में डूबने से मौत
डोंगरगढ़ : मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए दोस्तों के साथ डोंगरगढ़ आए महाराष्ट्र के नागपुर निवासी 18 वर्षीय शशांक शांडेल की क्षीरपानी सरोवर में डूबने से मौत हो गई। नवरात्रि मेले के दौरान हुई इस घटना के बाद सरोवर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और समय पर चिकित्सा सहायता मिलने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के अनुसार, नहाने के दौरान पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया था।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर 2:30 बजे की है। शशांक नवरात्रि के पहले दिन देवी दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचा था। वह क्षीरपानी सरोवर परिसर में नहाने के लिए पानी में उतरा। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। घटना की सूचना मिलने पर बचाव दल सक्रिय हुआ। एसडीआरएफ के जवानों और गोताखोरों ने तलाश के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। हालांकि, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डोंगरगढ़ थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख के अनुसार, युवक के गहरे पानी में चले जाने से हादसा हुआ। मामले की जांच की जा रही है। स्वजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को युवक का पोस्टमार्टम किया गया। हादसे के बाद सरोवर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद मृतक के दोस्तों ने समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं होने को लेकर सवाल उठाए हैं।
