: पारिवारिक विवाद के बाद मजदूरी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक
राजनांदगांव: अंबागढ़ चौकी नगर के वार्ड चार स्थित गणेश टेकरी पहाड़ी पर मिले नरकंकाल की पहचान कुशलाल तारम (24) के रूप में हुई है। युवक 19 जुलाई को पारिवारिक विवाद के बाद मजदूरी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। स्वजनों ने 23 जुलाई को अंबागढ़ चौकी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गणेश टेकरी पहाड़ी पर पेड़ के नीचे नरकंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मौके से सड़े-गले कपड़े, एक जोड़ी चप्पल और एंड्रायड मोबाइल बरामद हुआ था। इन वस्तुओं के आधार पर पुलिस पहचान के सुराग जुटा रही थी। कंकाल के पास पेड़ पर भगवा रंग का गमछा भी लटका मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के निर्देश पर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेजने की प्रक्रिया की गई।
थाना प्रभारी अश्वनी राठौर के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
