कांग्रेस भवन के सामने भाजपा महिला मोर्चा ने फूंका पुतला
राजनांदगांव : मणिपुर के कांग्रेस सांसद बेमचा सियोल इकोइजम पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की एक छात्रा के यौन शोषण के आरोपों के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया। जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा गायकवाड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जय स्तंभ चौक स्थित कांग्रेस भवन के सामने पुतला दहन कर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आयोजित प्रदर्शन में दक्षिण और उत्तर मंडल की महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध के मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की संगठन प्रभारी माया बेलचंदन, तेजमाला देशमुख, मिथिलेश्वरी वैष्णव, जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष मीना यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपनी बात रखी। भाजपा नेत्री तेजमाला देशमुख और संगीता मिश्रा ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता दिखाते हुए न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उक्त जानकारी महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी रेणु सूर्यवंशी ने दी।
