एलन मस्क के आरोपों पर पर रिलायंस ने दिया जवाब- हम प्रतिस्पर्धा से नहीं डरते

अमेरिका के चर्चित कारोबारी एलन मस्क ने हाल ही में आरोप लगाया था स्टारलिंक की भारत में एंट्री रोकी जा रही है.
एलन मस्क ने मुकेश अंबानी पर तंज़ कसते हुए उन्हें प्रधानमंत्री अंबानी तक कह दिया था और पूछा कि क्या वह स्टारलिंक को भारत में निष्पक्ष रूप से प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति देंगे.
इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष सामने रखा है और कहा है कि वो कभी प्रतिस्पर्धा से नहीं डरते.
इस पर रिलायंस इंडस्ट्रीज़ कहा, हर भारतीय कंपनी की तरह, रिलायंस भी ऐसे देश में आगे बढ़ी है, जहां देशी और विदेशी निवेश के साथ-साथ नए विचारों का स्वागत किया जाता है. ख़ासकर ऐसे कामों का, जिनसे लोगों की ज़िंदगी बेहतर होती है.
यह आज़ादी कानून के नियमों पर टिकी है. भारत सरकार ने कहा है कि हर आवेदन करने वाले के लिए एक जैसी प्रक्रिया अपनाई जाती है, चाहे वह भारतीय हो या विदेशी. जियो की अपनी सैटेलाइट सेवाओं को भी अभी मंज़ूरी मिलने का इंतज़ार है.
रिलायंस ने कभी भी प्रतिस्पर्धा से डर महसूस नहीं किया. हम इसे इस बात की सबसे बड़ी कसौटी मानते हैं कि ग्राहकों को सबसे अच्छी सेवा कौन देता है. जियो ने भी 2016 में भारत के टेलीकॉम बाज़ार में कदम रखा था, जहां पहले से कई कंपनियां थीं. उस समय जियो के पास एक भी ग्राहक नहीं था. सिर्फ़ दस साल में जियो ने 53 करोड़ से ज़्यादा ग्राहकों का भरोसा जीता है और भारतीयों को दुनिया के सबसे अच्छे डिजिटल ढांचे में से एक और सबसे सस्ता डेटा उपलब्ध कराया है.
रिलायंस ने कहा हम स्टारलिंक समेत सैटेलाइट संचार के क्षेत्र में मुक़ाबले का स्वागत करते हैं.
बयान में कहा गया कि जियो समेत हर कंपनी को भारत के लोगों को सेवाएं देनी चाहिए और देश के कानूनों और नीतियों का पालन करना चाहिए(bbc.com/hindi)

