संभाग स्तरीय अंडर-17 क्रिकेट में महासमुंद बना विजेता, रायपुर उपविजेता
आरंग : मंदिर हसौद में आयोजित संभाग स्तरीय अंडर-17 शालेय बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में महासमुंद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर को 17 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। रोमांचक मुकाबले में रायपुर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी, अध्यक्षता कर रहे सेजेस स्कूल मंदिर हसौद के जनभागीदारी अध्यक्ष अशोक वर्मा, प्राचार्या प्रेमशिला एक्का, पार्षद सागर पटेल, पिंटू निर्मलकर, भूषण बघेल, सुरेश यादव, पार्षद प्रतिनिधि अवधेश मिश्रा तथा आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के पांच जिलों रायपुर, महासमुंद, धमतरी, बलौदाबाजार और गरियाबंद की टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह में जनभागीदारी अध्यक्ष अशोक वर्मा, प्राचार्या प्रेमशिला एक्का, कन्या विद्यालय के जनभागीदारी अध्यक्ष बल्ला यादव एवं पार्षद प्रतिनिधि अवधेश मिश्रा ने विजेता महासमुंद और उपविजेता रायपुर की टीमों के खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का संयोजन विकासखंड सहायक खेल अधिकारी एवं सचिव ओंकेश्वर सोनवानी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विकासखंड खेल अधिकारी राकेश प्रधान, व्यायाम शिक्षक अमित चंद्राकर, मोहम्मद फारूक, भोजराम मनहरे, के.के. देवांगन, योगेश बघेल, जगदीश कुर्रे, शशिकांत बांधे, आरंग क्रिकेट क्लब के अश्वनी रात्रे सहित अन्य सदस्य एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
