छत्तीसगढ़

मार्गशीर्ष (अगहन) मास में खान-पान और दिनचर्या का रखें विशेष ध्यान, जीरे के सेवन से बचने की सलाह : डॉ. नागेंद्र शर्मा

  • वसायुक्त भोजन और शहद का सेवन बताया हितकारी, अभ्यंग, धूप सेवन और नियमित व्यायाम अपनाने पर दिया जोर

कोरबा, 27 नवंबर 2026। मार्गशीर्ष (अगहन) मास में बदलते मौसम के अनुसार खान-पान और दिनचर्या में बदलाव करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हो सकता है। आयुर्वेद में ऋतु के अनुसार आहार-विहार अपनाने की परंपरा रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक एवं नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अगहन मास में स्वस्थ रहने के लिए खान-पान और जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं।

डॉ. नागेंद्र शर्मा के अनुसार हिंदी पंचांग के मुताबिक मार्गशीर्ष (अगहन) मास 25 नवंबर 2026 से शुरू होकर 23 दिसंबर 2026 तक रहेगा। यह समय हेमंत ऋतु के अंतर्गत आता है। इस दौरान वातावरण में ठंडक बढ़ने और शीतल हवाएं चलने के कारण शरीर पर मौसम का प्रभाव पड़ता है। आयुर्वेद के अनुसार इस अवधि में कफ का संचय और वात दोष का प्रकोप होने की संभावना रहती है। इसके चलते संधिशूल, संधिशोथ, श्वास-कास, प्रतिश्याय, वातश्लैष्मिक ज्वर और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

उन्होंने बताया कि इस मास में जठराग्नि तीव्र रहने से पाचन शक्ति अच्छी होती है। ऐसे में शरीर को ऊर्जा और पोषण देने वाले स्निग्ध खाद्य पदार्थों के साथ अम्ल एवं लवण रस युक्त भोजन का सेवन करना चाहिए। वहीं वात बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों, अत्यधिक ठंडे भोजन, रूखे एवं हल्के आहार तथा कटु, तिक्त और कषाय रस वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए।

डॉ. शर्मा ने विशेष रूप से मार्गशीर्ष मास में जीरे का सेवन नहीं करने की सलाह दी है। उनके अनुसार इस अवधि में वसायुक्त भोजन और शहद का सेवन हितकारी माना गया है। उन्होंने बताया कि हेमंत ऋतु शरीर में शक्ति संचय करने की ऋतु है। इस दौरान प्रकृति और उचित नियमों के अनुसार च्यवनप्राश, अश्वगंधा, आंवला और शतावरी जैसे आयुर्वेदिक रसायन द्रव्यों का सेवन किया जा सकता है।

अगहन मास में कैसी हो दिनचर्या

डॉ. नागेंद्र शर्मा के अनुसार इस माह में नियमित रूप से तेल मालिश (अभ्यंग), धूप सेवन (आतप स्नान) और यथाशक्ति शारीरिक व्यायाम करना चाहिए। ठंड से बचने के लिए शरीर को अच्छी तरह ढककर रखना चाहिए तथा हल्के गुनगुने पानी से स्नान करना लाभकारी बताया गया है।

वहीं इस दौरान दिन में सोने, रात में देर तक जागने, ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने और भूखे रहने से बचना चाहिए। इसके अलावा भोजन की मात्रा बहुत कम रखने और तेज ठंडी हवाओं के सीधे संपर्क में आने से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि मौसम के अनुरूप खान-पान और दिनचर्या अपनाकर शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। हालांकि किसी भी आयुर्वेदिक औषधि या रसायन का सेवन अपनी प्रकृति और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह से ही करना चाहिए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button