नाबालिगों को वाहन देना अभिभावकों को पड़ा भारी 10 पालकों पर 20 हजार का जुर्माना
राजनांदगांव: खैरागढ़ में नाबालिग बच्चों के हाथों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की चाबी थमाना अब अभिभावकों को भारी पड़ सकता है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए छुईखदान पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नाबालिगों को वाहन चलाने देने वाले 10 अभिभावकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं बिना हेलमेट और तीन सवारी चलने वाले नौ वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। छुईखदान पुलिस ने नगर के मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्र और स्कूल-कालेज मार्गों पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 100 वाहनों की जांच की। इसमें नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट, तीन सवारी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों को रोककर समझाइश दी गई। साथ ही संबंधित अभिभावकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
तीन साल की कैद और 25 हजार जुर्माने का प्रविधान
पुलिस ने अभिभावकों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा के प्रविधानों की जानकारी देते हुए बताया कि नाबालिग के वाहन चलाने पर अभिभावक अथवा वाहन मालिक के विरुद्ध कार्रवाई हो सकती है। इसमें तीन वर्ष तक की कैद, 25 हजार रुपये तक जुर्माना और वाहन का पंजीयन 12 माह के लिए निरस्त करने का प्रविधान है। अभियान में बिना लाइसेंस और नाबालिगों को वाहन चलाने देने के 10 प्रकरणों में 20 हजार रुपये तथा तीन सवारी और बिना हेलमेट के नौ प्रकरणों में 4500 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इस तरह कुल 19 प्रकरणों में 24 हजार 500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
