छत्तीसगढ़

32 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते में हाईकोर्ट ने दी तलाक की मंजूरी

मानसिक क्रूरता का आधार बना दूसरी व्यक्ति से संपर्क

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना, उससे मिलना और पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता का आधार बन सकता है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंध साबित करने वाला प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है।

मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर में रहने वाले एक दंपती का है। दोनों की शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी का दूसरे पुरुष से संबंध है और समझाने के बावजूद वह उससे बातचीत और मुलाकात जारी रखती थी।

पति ने मानसिक क्रूरता का हवाला देते हुए तलाक की याचिका दाखिल की थी। फैमिली कोर्ट ने 23 नवंबर 2019 को पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने की बात कहकर याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की।

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बेटी ने बताया कि उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बात करती थी। परिवार के समझाने के बाद भी उसने बातचीत बंद नहीं की।

बेटे ने गवाही दी कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था। बच्चों द्वारा इसकी जानकारी पिता को देने पर मां उन्हें डांटती थी। बेटे के मुताबिक, एक बार मां उस व्यक्ति के घर रहने भी चली गई थी।

पति ने भी अदालत को बताया कि 22 अगस्त 2017 को पत्नी को अस्पताल भेजने के बाद उसने उसे उसी व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर देखा था। पत्नी ने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद फिर संपर्क शुरू हो गया।

हाईकोर्ट ने कहा कि विवाहेतर संबंधों के मामलों में हर बार प्रत्यक्ष प्रमाण मिलना संभव नहीं होता। फोन रिकॉर्डिंग, वीडियो या अन्य ठोस प्रमाण की अपेक्षा हर मामले में नहीं की जा सकती। ऐसे मामलों में गवाहों के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन जरूरी है।

न्यायालय ने स्पष्ट किया कि शारीरिक संबंध साबित नहीं होने पर भी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क, पति की अनुपस्थिति में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना मानसिक क्रूरता के आकलन में महत्वपूर्ण हो सकता है।

जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की खंडपीठ ने फैमिली कोर्ट का आदेश निरस्त करते हुए पति की अपील स्वीकार कर ली। अदालत ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत तलाक की डिक्री जारी की।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button