छत्तीसगढ़

6 एकड़ की धान फसल जलकर खाक

छत्तीसगढ़संवाददाता
पखांजूर, 28 नवंबर। कांकेर जिले के बडग़ांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुरवंडी में आज सुबह एक किसान की सालभर की मेहनत कुछ ही पलों में राख में तब्दील हो गई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा खलिहान में रखी धान की खरही में आग लगा देने से लगभग 1500 धान की पूली जलकर नष्ट हो गईं।

मुरवंडी निवासी किसान बुद्धूराम उसेंडी ने छह एकड़ खेत में धान की फसल लगाई थी। कर्ज लेकर की गई इस खेती की फसल काटकर उन्होंने खलिहान में इक_ा कर रखी थी। रात के समय किसी अज्ञात शख्स ने खरही में आग लगा दी, जिससे पूरी फसल जलकर खाक हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग पानी और लकड़ी के सहारे आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह स्वाहा हो चुकी थी। बुद्धूराम का कहना है कि यह फसल उनकी सालभर की आजीविका थी और बैंक से कर्ज लेकर खेती की गई थी। अब उनके सामने कर्ज चुकाने और परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद तहसीलदार को सूचना दी गई है। तहसीलदार ने पटवारी को पंचनामा बनाकर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं और आश्वस्त किया है कि शासन के नियमानुसार किसान को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।

स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से दोषी की तत्काल गिरफ्तारी और किसान को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button