कॉलेज चौक आरंग में माँ दुर्गा के 21 अलौकिक स्वरूपों के दर्शन, उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
रामकुमार गुप्ता आरंग : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आरंग के कॉलेज चौक में माँ दुर्गा के 21 अलौकिक स्वरूपों की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा सजाए गए पंडाल में माँ दुर्गा के 21 स्वरूपों के साथ बजरंगबली हनुमान जी भी विराजमान हैं। इस अनूठे आयोजन के दर्शन के लिए आरंग सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
समिति के प्रमुख राजू एवं मोनू कंडारा ने बताया कि उनकी समिति पिछले 18 वर्षों से कॉलेज चौक में माँ दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर रही है। पूर्व में लगातार छह वर्षों तक माँ के नौ स्वरूपों यानी नवदुर्गा की स्थापना की गई थी। इस वर्ष आयोजन को और भव्य रूप देते हुए माँ दुर्गा के 21 अलौकिक स्वरूपों की स्थापना की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
महाआरती में गूंज रहे माता के जयकारे
माँ दुर्गा के 21 स्वरूपों के दर्शन के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। संध्याकालीन महाआरती के दौरान पूरा कॉलेज चौक माता के जयकारों से गूंज उठता है और वातावरण भक्तिमय हो जाता है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन एवं सुरक्षा की व्यवस्था भी की गई है।
नवरात्रि के दौरान कॉलेज चौक में सजे माँ दुर्गा के 21 स्वरूपों के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का विशेष केंद्र बने हुए हैं।
