छत्तीसगढ़

परीक्षा में नकल मामलों की सुनवाई के लिए रायपुर, बिलासपुर कोरिया में 3 विशेष कोर्ट

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 23अक्टूबर । छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य सार्वजनिक परीक्षाओं में नकल, धोखाधड़ी और अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए राज्य सरकार ने तीन विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट निर्धारित किए गए हैं। राज्य शासन ने रायपुर, बिलासपुर और कोरिया जिले के जिला एवं सत्र न्यायालयों को विशेष न्यायालय के रूप में नामित किया है। कोरिया जिले का विशेष न्यायालय बैकुंठपुर में संचालित होगा। विधि एवं विधायी कार्य विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार रायपुर, बिलासपुर और कोरिया के जिला एवं सत्र न्यायालयों को सार्वजनिक परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं से संबंधित मामलों की सुनवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन विशेष न्यायालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान नकल, अनुचित साधनों के इस्तेमाल और परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी। यह व्यवस्था सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के प्रावधानों के तहत की गई है। जारी अधिसूचना में अधिनियम की धारा 12-क की उपधारा (2) का उल्लेख किया गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button