चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ हालिया प्रदर्शनों और राहुल गांधी पर पीएम मोदी ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
गुरुवार शाम को एक निजी समाचार टीवी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा, जब दुनिया एक नई व्यवस्था की तलाश कर रही है, तब कुछ लोग भारत में अव्यवस्था का सपना देख रहे हैं. ये लोग भारत की छवि ख़राब करने पर तुले हैं. वे विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं और दूसरे देशों के लोगों से हमारे आंतरिक मामलों में दखल देने की अपील करते हैं.
पीएम मोदी ने कहा, सवाल उठता है कि अपने नाकाम प्रोडक्ट को लॉन्च करने की लगातार कोशिश में कांग्रेस पार्टी कब तक देश को दांव पर लगाती रहेगी. एक साल में श्रीहरिकोटा स्थित हमारे अंतरिक्ष केंद्र से जितने लॉन्च होते हैं, उससे कम बार कांग्रेस अपने नेता को लॉन्च करने की नाकाम कोशिश नहीं करती.
कांग्रेस को अपना विनाश करना है, तो वह ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है. इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है. लेकिन अपने परिवार को लगातार मिल रही नाकामियों के दाग़ से बचाने की बेताब कोशिश में कांग्रेस अब भारत की उपलब्धियों, उसकी ख़ूबियों और उसकी प्रगति पर ही सवाल उठा रही है.
उन्होंने गांधी परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, कांग्रेस का यह परिवार अपनी ही पार्टी पर बोझ बन गया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस बात को समझते हैं. जब हम निजी तौर पर मिलते हैं, तो वे हमें यह बात बताते भी हैं. लेकिन अपमान का कड़वा घूंट पीकर वे चुप रहते हैं. कांग्रेस का यह रवैया सरकार के ईमानदार आलोचकों को भी नुक़सान पहुंचाता है. लोकतंत्र में इसकी भारी क़ीमत चुकानी पड़ती है. इससे ईमानदार आलोचकों को बहुत नुक़सान होता है.
जो लोग वास्तव में हमारे लोकतंत्र और देश की भलाई की परवाह करते हैं, और सरकार के कट्टर विरोधी होने के बावजूद योगदान देना चाहते हैं, उन ईमानदार आलोचकों की आवाज़ कांग्रेस के लगातार शोर-शराबे और हंगामे के बीच दबकर रह जाती है. उन्हें अपनी बात रखने का कोई मौक़ा नहीं मिलता. हमने संसद में ऐसा होते देखा है…(bbc.com/hindi)



