छत्तीसगढ़

अमित शाह ने कहा- नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब पर्यटन के क्षेत्र में देश के शीर्ष तीन राज्यों में होगा

राज्योत्सव के समापन समारोह में बोले शाह- अटल जी ने छत्तीसगढ़ बनाया, मोदी जी ने संवारा

रायपुर, 3 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलमुक्त होकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ पर्यटन के क्षेत्र में देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को भय से भरोसे और संसाधन से समृद्धि की ओर ले जाएंगे। हमारा लक्ष्य स्वाभिमानी लोगों और सम्पन्न धरती वाला खुशहाल छत्तीसगढ़ बनाना है।

शाह मंगलवार को नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 2000 में की थी। अटल जी ने छत्तीसगढ़ बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारा है। उन्होंने प्रदेश की जनता, विशेषकर आदिवासी समाज को नक्सलमुक्ति की बधाई देते हुए इस सफलता का श्रेय केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस को दिया।

गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को सत्ता में लाया और सरकार बनने के दो महीने के भीतर हमने नक्सल उन्मूलन का संकल्प लिया। नक्सलवाद के कारण जिस छत्तीसगढ़ में सांस्कृतिक गलियारा बनना था, वहां रेड कॉरिडोर बन गया। बच्चों के हाथों में कलम की जगह बंदूक थमा दी गई और जहां स्कूलों की घंटी बजनी थी, वहां स्कूलों को ही उड़ा दिया गया। उन्होंने मानवाधिकार के नाम पर नक्सलवाद का समर्थन करने वालों से सवाल किया कि क्या मानवाधिकार केवल बंदूक लेकर विकास रोकने वालों का है, गरीब आदिवासियों का नहीं?

गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने मोदी सरकार की 70 प्रतिशत से अधिक गारंटियां पूरी कर दी हैं। महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की जा चुकी है और धान खरीदी भी जारी है। कृषि, वनोपज, पशुपालन और एमएसएमई के क्षेत्र में राज्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां बम्लेश्वरी, मां दंतेश्वरी और बस्तर दशहरा का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्थल दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं।

शाह ने नवा रायपुर को पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां पांच लाख पीपल के पेड़ लगाए जाएंगे। इससे नवा रायपुर दुनिया के सबसे बड़े पर्यावरण मित्र शहरों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि छत्तीसगढ़ की धरती अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं। अगले दस वर्षों में यहां धरती भी अमीर होगी और लोग भी समृद्ध होंगे। छत्तीसगढ़ का वार्षिक बजट 30 गुना, प्रति व्यक्ति आय 17 गुना और जीएसडीपी 25 गुना बढ़ने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का चौथा कार्यकाल प्रदेश को भय से भरोसे और संसाधनों से समृद्धि की ओर ले जाएगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button