घटिया कीटनाशकों की बिक्री पर रोक, 14 दुकानों के लाइसेंस निरस्त, एक पर एफआईआर

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 23 अक्टूबर। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में कृषि आदान विक्रेताओं की जांच शुरू की है। खरीफ सीजन 2026 में कीटनाशकों के 58 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें से 15 नमूने अमानक पाए गए हैं। संबंधित कीटनाशकों की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है। शेष 10 नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
कृषि विभाग ने खरीफ सीजन में 35 नमूनों की जांच का लक्ष्य रखा था लेकिन इसके मुकाबले 58 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें 33 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए जबकि 15 नमूने गुणवत्ता की कसौटी पर खरे नहीं उतरे।
उप संचालक कृषि के अनुसार, जिले और विकासखंड स्तर की निरीक्षण टीमें लगातार दुकानों की जांच कर रही हैं। इस दौरान बीज, खाद और कीटनाशकों की गुणवत्ता के साथ विक्रेताओं के लाइसेंस, बिक्री रजिस्टर और वितरण संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
विभाग ने अब तक कृषि आदान बेचने वाली 129 दुकानों का निरीक्षण किया है। अनियमितताएं मिलने पर 14 दुकानों के कीटनाशक बिक्री लाइसेंस निरस्त किए गए हैं और दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
इसके अलावा 17 दुकानों में बिक्री पर रोक लगाई गई है और सात विक्रेताओं का स्टॉक जब्त किया गया है। एक मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है जबकि दो अन्य मामलों में अभियोजन की अनुमति के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजे गए हैं।


