फेसबुक पर ड्रेस का ऑर्डर किया, डॉक्टर की पत्नी से 43 हजार की ठगी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 23 अक्टूबर। फेसबुक पर ऑनलाइन ड्रेस खरीदने की कोशिश में एक डॉक्टर की पत्नी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठगों ने कूरियर शुल्क और जीएसटी रिफंड का झांसा देकर उनसे पांच किस्तों में कुल 43,225 रुपये ट्रांसफर करा लिए। न तो ड्रेस की डिलीवरी हुई और न ही रकम वापस मिली। पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन और सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, मेहता नर्सिंग होम, मसानगंज के संचालक डॉ. अशोक मेहता की पत्नी जागृति मेहता (55) ने फेसबुक पर केसीपी सिल्क राजस्थान नाम के पेज पर एक ड्रेस पसंद की थी। 15 अक्टूबर को उन्होंने गूगल पे के माध्यम से शीला देवी नाम के खाते में 8,991 रुपये भेजे।
इसके बाद 18 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को कूरियर डिलीवरी कर्मचारी बताया। उसने पार्सल भेजने के लिए जीएसटी रिवर्सल के नाम पर 4,960 रुपये मांगे और रकम वापस मिलने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद ठग ने लेट फीस और रिफंड की प्रक्रिया का बहाना बनाकर उनसे तीन और बार पैसे ट्रांसफर कराए। पीड़िता ने क्रमशः 4,907 रुपये, 9,867 रुपये और 14,500 रुपये भेज दिए।
इस तरह कुल 43,225 रुपये चले गए लेकिन ड्रेस नहीं पहुंची। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन और सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।



