रेलवे जोन के 216 स्टेशनों पर जनसंवाद, यात्रियों से मांगे सुझाव

बिलासपुर में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने यात्रियों से की बातचीत
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 23 अक्टूबर। यात्रियों की समस्याएं और सुझाव सीधे सुनने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के 216 रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को पैन इंडिया रेल जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेष अभियान 6.0 के तहत हुए इस आयोजन में रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों से बातचीत कर सुविधाओं में सुधार के सुझाव लिए।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं के बारे में प्रतिक्रिया ली।
महाप्रबंधक ने कहा कि यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और मीडिया से मिलने वाले रचनात्मक सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। उनके मुताबिक, जनसंवाद जैसे कार्यक्रम रेलवे प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं।
चांपा स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू और उसलापुर स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने यात्रियों से बातचीत की। इस दौरान स्टेशन परिसर की सफाई, मौजूदा सुविधाओं की गुणवत्ता और रेल सेवाओं में सुधार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
रेलवे के 216 स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों की शिकायतों और सुझावों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। रेलवे प्रशासन ने प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर जरूरी कार्रवाई और समस्याओं के निराकरण पर जोर दिया।


