छत्तीसगढ़

हाईड्रोजन, ऑक्सीजन की तरह स्वयंसेवक और संघ एक दूसरे के पूरक- मोहन भागवत

बिलासपुर में बौद्धिक सभा को किया संबोधित, वनांचल क्षेत्रों में विस्तार और संगठन की नई कार्ययोजना पर मंथन

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 23 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि संघ और उसके स्वयंसेवक एक-दूसरे के पूरक हैं। जिस तरह ऑक्सीजन और हाइड्रोजन मिलकर पानी बनाते हैं, उसी तरह संघ और स्वयंसेवक मिलकर समाज निर्माण का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संघ सामाजिक समरसता के लिए काम कर रहा है और स्वयंसेवकों का उद्देश्य समाज तथा राष्ट्र से कुछ लेना नहीं बल्कि उसमें योगदान देना है।

बिलासपुर प्रवास के पहले दिन आयोजित बौद्धिक सभा में भागवत ने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया। भागवत ने उन्हें एक बीज की तरह बताया, जिससे संगठन का विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि संघ देश के भीतर समाज को बांटने वाली शक्तियों के खिलाफ काम कर रहा है।

दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे भागवत ने कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों, आगामी अभियानों और जमीनी स्तर पर चल रहे कामकाज की समीक्षा की गई।

रायपुर, बिलासपुर और अन्य संभागों के प्रांत प्रचारकों, विभागीय पदाधिकारियों तथा विभिन्न संबद्ध संगठनों के प्रमुखों ने अपनी कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं। संगठन के विस्तार, कार्यपद्धति और वनांचल क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ाने के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

भागवत के दौरे के बीच छत्तीसगढ़ में संघ की संगठनात्मक संरचना को विकेंद्रीकृत करने और राज्य को दो हिस्सों में बांटकर कामकाज संचालित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है।

चर्चा के मुताबिक, प्रस्तावित बदलाव के बाद दोनों इकाइयों में प्रांत कार्यकारिणी की तर्ज पर संगठनात्मक ढांचा बनाया जा सकता है। प्रत्येक इकाई में करीब 22 पदाधिकारियों की कार्यकारिणी होने की बात सामने आई है। इसमें विभाग संघचालक, कार्यवाह और बौद्धिक प्रमुख जैसे पद शामिल हो सकते हैं।

प्रस्तावित संगठनात्मक बदलाव के बाद पदाधिकारियों की नियुक्ति और घोषणा अगले वर्ष अप्रैल-मई में संभावित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के दौरान किए जाने की चर्चा है। फिलहाल, संगठनात्मक बैठकों और कार्ययोजनाओं पर मंथन जारी है।

भागवत शुक्रवार को भी बिलासपुर में हैं और दिनभर विभिन्न संगठनात्मक सत्रों में शामिल हो रहे हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button