छत्तीसगढ़

रायपुर में नायब तहसीलदार ने सड़क किनारे मनाया जन्मदिन, केक काटकर की आतिशबाजी, बॉलीवुड गाने पर रील का VIDEO वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल का जन्मदिन मनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नायब तहसीलदार सड़क किनारे वाहन खड़ा कर केक काटते और आतिशबाजी के बीच जन्मदिन का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान बॉलीवुड के मशहूर गाने ‘ओ-ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो सामने आने के बाद सड़क किनारे इस तरह जन्मदिन मनाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में नायब तहसीलदार विपिन पटेल की गाड़ी का नंबर CG-04-NY-1910 दिखाई दे रहा है। वीडियो में पहले वाहन की डिक्की खोली जाती है, जिसमें जन्मदिन का केक और ‘हैप्पी बर्थडे’ लिखा हुआ टैग नजर आता है। इसके बाद विपिन पटेल केक काटते दिखाई देते हैं। कुछ ही देर में मौके पर आतिशबाजी शुरू हो जाती है। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी की व्यवस्था करते हुए भी नजर आ रहा है।

बताया जा रहा है कि जन्मदिन के इस सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर रील के रूप में अपलोड किया गया है। रील में सलमान खान की फिल्म का लोकप्रिय गाना ‘ओ-ओ जाने जाना’ इस्तेमाल किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारी द्वारा सड़क किनारे इस तरह जन्मदिन मनाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने, स्टंटबाजी करने और यातायात बाधित करने की घटनाओं को लेकर हाईकोर्ट पहले भी सख्त रुख अपना चुका है। अधिवक्ता विपिन अग्रवाल के अनुसार, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने ऐसे मामलों का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

हाईकोर्ट की ओर से सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिस्थितियों के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने तक के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में अभनपुर के नायब तहसीलदार का जन्मदिन सेलिब्रेशन वीडियो वायरल होने के बाद नियमों के पालन और अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में नायब तहसीलदार विपिन पटेल का पक्ष और प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button