छत्तीसगढ़

कांग्रेस बताए, दशकों तक सत्ता में रहकर जनजातीय समाज के लिए क्या किया-साय

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 23 अक्टूबर। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस बताए कि उसने जनजातीय समाज के जीवन में वास्तविक बदलाव के लिए क्या किया। कांग्रेस ने जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखा, जबकि हमारी सरकार ने उसके सम्मान, अधिकार और विकास को प्राथमिकता दी है।

बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होने आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रवास के दौरान प्रशासनिक तैयारियों को कांग्रेस द्वारा प्रशासनिक दखलंदाजी बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने यह प्रतिक्रिया दी।

मीडिया से चर्चा में सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के कल्याण और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता में रखा है। जनजातीय कार्य मंत्रालय के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, आजीविका और सशक्तीकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी विभिन्न विकास प्राधिकरणों और योजनाओं के जरिए जनजातीय अंचलों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि बस्तर इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों तथा सुरक्षा बलों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां आज सडक़, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के नए अवसर पहुंच रहे हैं। दूरस्थ गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं और बस्तर शांति व विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले अपने लंबे शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। आज जनजातीय समाज जागरूक है और वह देख रहा है कि किसने उसके नाम पर राजनीति की और किसने उसके सम्मान, सुरक्षा तथा विकास के लिए जमीन पर काम किया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button