घरेलू विवाद के चलते की पत्नी की हत्या : नदी में धकेलने वाला आरोपित पति गिरफ्तार
राजनांदगांव : घर में छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़े और घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को नदी में धकेल कर उसकी हत्या कर दी। मोहारा में शिवनाथ नदी के छोटे पुल के पास 21 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद शुक्रवार को आरोपित पति मयूर मेश्राम उर्फ रिंकु को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी मृतिका नीलम के स्वजनों ने पुलिस को दी। आरोपित रिंकू ने ही अपने साले को बताया था कि वह नीलम को साथ लेकर नदी के पुल पर गया था। वहां बातचीत के दौरान फिर विवाद शुरु हो गया। आवेश में आकर आरोपित रिंकू ने उसे नदी में धकेल दिया। पानी में डूबने से नीलम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रिंकू और नीलम का विवाह मार्च 2025 में हुआ था। तब से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने 22 अक्टूबर को घेराबंदी कर मयूर को पकड़ा। पूछताछ में उसके अपराध स्वीकार करने की जानकारी पुलिस ने दी है। न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट मिलने पर उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
