छत्तीसगढ़

पंजाब से हेरोइन लाकर बिलासपुर में बेचने की तैयारी, 2.60 लाख का माल जब्त

अमृतसर से चिट्टा खरीदकर लाया था आरोपी, एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 26 अक्टूबर। बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) बेचने की तैयारी कर रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) को सूचना मिली थी कि उसलापुर बाजार के पास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। वैज्ञानिक अधिकारी की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी दीपक वालिया के पास से पारदर्शी जिप-लॉक पॉलिथीन में रखी 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये नकद मिले।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और यहां ऊंचे दाम पर बेचने की योजना की जानकारी दी। वह नशीले पदार्थ को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर ग्राहकों को बेचने की तैयारी कर रहा था।

आरोपी दीपक वालिया (32) पंजाब के अमृतसर जिले की बी-डिवीजन थाना क्षेत्र स्थित सुभाष कॉलोनी का निवासी है। वर्तमान में वह सकरी थाना क्षेत्र के उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार देने की घोषणा की।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button