कोरबा के होटल में धर्मांतरण के आरोप पर हंगामा, मारपीट का वीडियो वायरल

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा का किया विरोध, पुलिस ने संभाला मोर्चा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोरबा, 26 अक्टूबर। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में शनिवार शाम कथित धर्मांतरण और प्रार्थना सभा को लेकर विवाद हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने होटल में ठहरे लोगों के धर्मांतरण की आशंका जताते हुए विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, जॉन मसीह नामक व्यक्ति ने होटल में करीब 15 कमरे बुक कराए थे। इनमें लाफा, पाली और कटघोरा सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों से आए लगभग 40 लोग ठहरे हुए थे। बताया गया है कि इनमें सतनामी और गोंड समुदाय के लोग भी शामिल थे।
शनिवार शाम होटल में प्रार्थना सभा होने की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ लोगों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने होटल में मौजूद लोगों के साथ हाथापाई की। हालांकि, वीडियो के आधार पर घटना के सभी पहलुओं और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
सूचना मिलने पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और सीएसईबी पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद को नियंत्रित किया।
बजरंग दल के जिला प्रमुख राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी प्रलोभन देकर हिंदू परिवारों का धर्मांतरण कराने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि प्रचार सामग्री के साथ पहुंचे लोगों ने शहरी क्षेत्र को निशाना बनाया था।
मुखर्जी ने एसईसीएल के माणिकपुर क्षेत्र में एक मकान को इंडियन प्रेयर चर्च (आईपीसी) के रूप में इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी लगाया। उनके मुताबिक, इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई है। उन्होंने होटल में ठहरे लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मांगे जाने का भी दावा किया।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और कथित धर्मांतरण के दावों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



