इटावा में किशोरी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पिता की हत्या, पुलिस ने दोनों को पकड़ा

इटावा (उप्र), 27 अक्टूबर। इटावा जिले की पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसकी 17 वर्षीय बेटी को हिरासत में लिया है और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किशोरी ने कथित तौर पर प्रेमी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से अपने पिता श्याम सुंदर कठेरिया को नींद की गोलियां देकर बेहोश किया और फिर चाकू से उनका गला काट दिया। इसके बाद सिल-बट्टे से वार कर उनका सिर और चेहरा कुचल दिया।
इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों ने शव को कंबल में लपेटकर एक संदूक में रख दिया और घर पर ताला लगाकर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में टीबी अस्पताल के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी के निवासी श्याम सुंदर की हत्या यह मामला 25 अक्टूबर को सामने आया, जब उनकी बड़ी बेटी काजल कठेरिया ने पुलिस से संपर्क किया।
उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो-तीन दिनों से अपने पिता और छोटी बहन से संपर्क नहीं कर पा रही है।
पुलिस ने बताया कि जब काजल अपने ससुर के साथ मायके पहुंची, तो घर से दुर्गंध आ रही थी। घर के अंदर एक संदूक में उसके पिता का शव कंबल में लिपटा हुआ मिला, जबकि उसकी छोटी बहन वहां मौजूद नहीं थी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
सिविल लाइंस के थाना प्रभारी केके मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस दल ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सराय असर गांव की ओर जाने वाली सड़क पर किशोरी और उसके प्रेमी अभिलाष सिंह को पकड़ लिया। अभिलाष इसी क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने कहा, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी मुलाकात करीब पांच महीने पहले हुई थी। उस समय किशोरी ने मोबाइल फोन में रिचार्ज कराने के लिए अभिलाष को अपना फोन नंबर दिया था। इसके बाद दोनों में बातचीत शुरू होने लगी।
पुलिस के मुताबिक, श्याम सुंदर को जब इस संबंध के बारे में पता चला, तो उन्होंने शुरुआत में अपनी बेटी को समझाने की कोशिश की लेकिन किशोरी ने संबंध खत्म करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पिता ने कथित तौर पर इसका विरोध करना शुरू कर दिया और बेटी से मारपीट करने लगे। इससे दोनों के बीच नाराजगी बढ़ती गई।
पुलिस ने कहा, इसके बाद किशोरी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर श्याम सुंदर की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत 21 अक्टूबर को अभिलाष ने नींद की गोलियां खरीदीं। किशोरी ने कथित तौर पर उन गोलियों को चाय में मिलाकर पिता को पिला दिया।
उसने बताया कि उस रात जब श्याम सुंदर गहरी नींद में सो गए, तो दोनों ने उन्हें रस्सी से चारपाई पर बांध दिया और चाकू से उनके गले पर कई वार किए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घर में रखे सिल-बट्टे से उनका सिर और चेहरा कुचल दिया। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर संदूक में रखा और घर पर ताला लगाकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, सिल-बट्टा, खून से सने कपड़े और संदूक बरामद कर लिए गए हैं। मामले में जांच जारी है।(भाषा)

