कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन के रूट में बदलाव और दो नई लूप लाइन की मांग

लोरमी-पंडरिया समेत प्रमुख कस्बों को15किलोमीटर के दायरे में लाने का सुझाव
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 31अक्टूबर।छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से प्रस्तावित कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन को मंजूरी दिए जाने का छात्र युवा नागरिक रेलवे जोन संघर्ष समिति ने स्वागत किया है। हालांकि समिति ने कहा है कि मौजूदा प्रस्तावित रूट में बदलाव किए बिना यह रेल लाइन आम लोगों की अपेक्षित जरूरतों को पूरा नहीं कर पाएगी। समिति ने दो नई लूप लाइन बनाने और कुछ प्रमुख कस्बों के नजदीक से रेल मार्ग निकालने की मांग उठाई है।
बिलासपुर से तखतपुर,मुंगेली,पंडरिया और कवर्धा होते हुए डोंगरगढ़ तक नई रेल लाइन की मांग को लेकर समिति पहले साइकिल रैली सहित कई अभियान चला चुकी है। अब सरकार की मंजूरी के बाद समिति ने प्रस्तावित अलाइनमेंट पर सवाल उठाए हैं।
समिति की ओर से सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि मौजूदा रूट का स्वरूप मुख्य रूप से कोयला परिवहन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया दिखाई देता है। जबकि नई रेल लाइन का मकसद क्षेत्र के अधिक से अधिक कस्बों और गांवों को रेल सुविधा से जोड़ना होना चाहिए।
समिति ने बिलासपुर के उसलापुर से गनियारी तक लूप लाइन जोड़ने का सुझाव दिया है। उसका कहना है कि ऐसा नहीं होने पर प्रस्तावित रेल मार्ग किलोमीटर स्टेशन के पास फ्लाईओवर के जरिए बिलासपुर-कटनी रेल लाइन को पार करेगा,लेकिन स्थानीय यात्रियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा।
इसी तरह खैरागढ़ से राजनांदगांव के बीच भी लूप लाइन बनाने की मांग की गई है। समिति के मुताबिक यह कनेक्टिविटी नहीं होने पर कवर्धा जिले के यात्रियों को राजनांदगांव,दुर्ग,भिलाई और रायपुर जाने के लिए पहले डोंगरगढ़ तक जाना पड़ेगा और फिर वापस लौटना होगा। इससे यात्रियों का समय और दूरी दोनों बढ़ेंगे।
समिति ने तखतपुर,मुंगेली और कवर्धा के बीच रेल लाइन के अलाइनमेंट में आंशिक बदलाव की मांग की है। उसका सुझाव है कि लोरमी,कुंडा,पंडरिया,पंडातराई,पोड़ी और बोड़ला जैसे कस्बे प्रस्तावित रेल लाइन से15किलोमीटर के दायरे में रहें।
समिति का कहना है कि मौजूदा प्रस्तावित मार्ग इन क्षेत्रों को काफी दूर छोड़ता दिखाई दे रहा है। यदि अभी रूट में जरूरी बदलाव नहीं किए गए तो भविष्य में इन इलाकों को रेल सुविधा से जोड़ना मुश्किल होगा।
समिति ने कहा कि सड़क की तरह रेल लाइन अलग-अलग क्षेत्रों में बाद में आसानी से नहीं बनाई जा सकती। रेल मार्ग एक स्थायी बुनियादी ढांचा है,इसलिए इसका अलाइनमेंट तय करते समय अधिकतम आबादी और कस्बों को लाभ पहुंचाने की जरूरत है।

