5 महीने से राशन नहीं मिलने पर भड़के ग्रामीण, दुकान में जड़ा ताला

-गड़बड़ी के आरोप, तहसील पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
लखनपुर, 31 अक्टूबर। सरगुजा जिला के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरता में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में कथित अनियमितता को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। पांच महीने से राशन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने राशन दुकान में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, गोरता में संचालित राशन दुकान से लगभग 900 राशन कार्डधारी जुड़े हैं। इनमें करीब 400 हितग्राहियों को कई महीनों से खाद्यान्न नहीं मिलने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण के नाम पर कई बार अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन खाद्यान्न मांगने पर राशन खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। इससे गरीब परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
25 लाख के राशन की हेराफेरी का आरोप
ग्रामीणों ने राशन दुकान संचालक पर करीब 25 लाख रुपये के खाद्यान्न की कथित हेराफेरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दुकान का संचालन महामाया स्वयं सहायता समूह के नाम से किया जाता है, लेकिन नियमित रूप से दुकान नहीं खोली जाती। महीने के अंतिम दिनों में राशन वितरण किए जाने के कारण भी कई हितग्राही अपने हिस्से का खाद्यान्न प्राप्त नहीं कर पाते। हालांकि, कथित हेराफेरी और राशन की वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वाहनों से तहसील पहुंचे ग्रामीण, कार्रवाई की मांग
राशन दुकान के सामने विरोध प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पिकअप सहित अन्य वाहनों से तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने तहसीलदार अमन चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हितग्राहियों को लंबित राशन दिलाने की मांग की।
तहसीलदार ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से चर्चा करने की बात कही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर वे कलेक्टर के समक्ष शिकायत करेंगे।
पीओएस मशीन लेकर अलग स्थान पर राशन तौलता दिखा युवक
विरोध प्रदर्शन के दौरान एक अन्य घटनाक्रम ने भी राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। ग्रामीणों के प्रदर्शन के बीच एक युवक पीओएस मशीन लेकर दुकान से अलग स्थान पर राशन तौलता दिखाई दिया। उससे जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कैमरा देखते ही वह मौके से भाग गया। दुकान से अलग स्थान पर राशन तौलने के पीछे क्या वजह थी और यह किसके निर्देश पर किया जा रहा था, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामले में खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह से छत्तीसगढ़ संवाददाता ने संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।



